रायपुर में ऑनलाइन सट्टा ऐप संचालित करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार, दो लाख का सामान जब्त
रायपुर, 1 अगस्त (हि. स.)। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले तीन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से सात मोबाइल, एक लैपटॉप, नगद 17,200 रुपये और वाई-फाई राउटर सहित करीब दो लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि गोल चौक स्थित एक मकान से 'ओस्कर' ऑनलाइन सट्टा ऐप के माध्यम से विभिन्न गेम और इवेंट्स पर सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने देव कुमार साहू (24), कुंदन दास मानिकपुरी उर्फ छोटू (23) और आकाश खाण्डेकर (23) को गिरफ्तार किया। जांच में उनके मोबाइल और लैपटॉप में ऑनलाइन सट्टा ऐप के जरिए सट्टा संचालन के साक्ष्य मिले।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ डीडी नगर थाना में अपराध क्रमांक 457/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 7 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि, ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, संचालकों और आर्थिक लेन-देन के संबंध में आरोपितों से पूछताछ जारी है। विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

