12 घंटे में अपहरण की गुत्थी सुलझी, रायपुर से मिर्जापुर तक पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन संदिग्ध हिरासत में
रायपुर, 3 अक्टूबर (हि. स.)। खमतराई थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति के अपहरण के मामले में रायपुर पुलिस ने करीब 12 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अहरौरा क्षेत्र से तीन संदिग्ध आरोपितों को हिरासत में लिया है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस, वाहन की ट्रैकिंग और अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय के जरिए आरोपितों तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार, डीएम टावर, रांवाभाठा निवासी अनिता राय ने 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे अपने पति प्रतीक राय के घर वापस नहीं लौटने और मोबाइल बंद होने की सूचना खमतराई पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण में सामने आया कि उसी दिन दोपहर करीब 2:28 बजे काले रंग की उत्तर प्रदेश पासिंग स्कॉर्पियो में सवार तीन अज्ञात लोगों ने प्रतीक राय को कथित तौर पर जबरदस्ती अपने साथ बैठा लिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के निर्देश पर कार्रवाई तेज की गई। पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन तथा एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में खमतराई पुलिस ने वाहन की तकनीकी निगरानी शुरू की।
तकनीकी सर्विलांस से उत्तर प्रदेश तक पहुंची पुलिस
वाहन के उत्तर प्रदेश की ओर जाने की जानकारी मिलने के बाद रायपुर पुलिस ने वहां की पुलिस से संपर्क किया। अहरौरा पुलिस को वाहन की लोकेशन और संभावित मार्ग की जानकारी साझा की गई। इसके साथ ही चौपन, रॉबर्ट्सगंज समेत रास्ते में पड़ने वाले अन्य पुलिस क्षेत्रों को भी अलर्ट कर संभावित मार्गों पर नाकाबंदी और चेकिंग शुरू कराई गई।
रायपुर पुलिस द्वारा साझा की जा रही तकनीकी और टोल संबंधी जानकारी के आधार पर संबंधित पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहन की लगातार निगरानी की। लोकेशन में बदलाव के अनुसार मार्ग में तैनात टीमों को भी लगातार अपडेट किया जाता रहा।
लगातार ट्रैकिंग और अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय के बाद अहरौरा, जिला मिर्जापुर में पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोक लिया। वाहन में सवार तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद के बाद प्रतीक राय को जबरन अपने साथ ले जाने की बात सामने आई है।
हिरासत में लिए गए आरोपितों की पहचान अभय सिंह (28), बृहस्पत देव सिंह (27) और आदर्श सिंह (24) के रूप में हुई है। तीनों उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपितों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए रायपुर लाने हेतु पुलिस टीम उत्तर प्रदेश से रवाना हो चुकी है।
इस कार्रवाई में खमतराई थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र जायसवाल और उनकी टीम की भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के बाद CCTV फुटेज के विश्लेषण से लेकर तकनीकी सर्विलांस, वाहन की ट्रैकिंग, टोल संबंधी जानकारी जुटाने और उत्तर प्रदेश पुलिस से समन्वय तक लगातार कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, गंभीर अपराधों में सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई और तकनीकी संसाधनों के इस्तेमाल के साथ अंतरराज्यीय समन्वय के जरिए आरोपितों की पतासाजी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

