home page

प्रोएक्टिव पुलिसिंग से टली बड़ी वारदात, कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की साजिश नाकाम, तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 
प्रोएक्टिव पुलिसिंग से टली बड़ी वारदात, कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की साजिश नाकाम, तीन आरोपित गिरफ्तार


रायपुर, 6 अगस्त (हि. स.)। रायपुर पुलिस की प्रोएक्टिव पुलिसिंग के चलते राजधानी में एक बड़ी डकैती की वारदात होने से पहले ही नाकाम कर दी गई।

थाना गुढ़ियारी पुलिस ने पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की योजना बना रहे तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और 2,500 रुपये बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपितों में देवांश शर्मा (19 वर्ष), निवासी सागरपुर, नई दिल्ली, सुशांत कुमार पासवान (19 वर्ष), निवासी नजफगढ़, नई दिल्ली,मयंक सिंह (19 वर्ष), निवासी सिकंदरपुर, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) का नाम शामिल है।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुखबिर से मिली सूचना पर गुढ़ियारी पुलिस ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे नया रोड के पास संदिग्ध अवस्था में मौजूद तीन युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा।

पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि वे पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में रात के समय डकैती डालने की योजना बना रहे थे। पुलिस के अनुसार, गिरोह के एक सदस्य ने 1 अप्रैल 2026 को ज्वेलर्स की रेकी की थी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, आसपास का क्षेत्र और वारदात को अंजाम देने के लिए आवश्यक जानकारियां जुटाई गई थीं। फरार दो आरोपी मोबाइल के जरिए लगातार संपर्क में रहकर रेकी की तस्वीरें साझा कर योजना को अंतिम रूप दे रहे थे।

इस मामले में थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 321/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 310(4) (डकैती का प्रयास) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार दो आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। साथ ही आरोपितों के आपसी संपर्क, तकनीकी साक्ष्यों, हथियारों की व्यवस्था और पूरी साजिश के संबंध में विस्तृत जांच जारी है।

पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से राजधानी में संभावित बड़ी डकैती की वारदात को होने से पहले ही रोकने में सफलता मिली है।

इस कार्रवाई का नेतृत्व डीसीपी (उत्तर) दीपमाला कश्यप, एडीसीपी (उत्तर) आदित्य पांडेय तथा एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के निर्देशन में किया गया। कार्रवाई में थाना गुढ़ियारी के निरीक्षक नरेंद्र कुमार साहू, उपनिरीक्षक कैलाश केशरवानी, पीएसआई वरदान सिंह, सहायक उपनिरीक्षक नरेश देवांगन सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर