रायपुर में दाे करोड़ के आईफोन चोरीकांड का खुलासा, देवास के कंजर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
- 125 आईफोन बरामद, कीमत 1.50 करोड़ रुपये; गिरोह का सरगना राजेश झाला 47 से अधिक अपराधों में है आरोपित, दो अब भी फरार
रायपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर से करीब 2 करोड़ रुपये कीमत के आईफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने वाले अंतरराज्यीय कंजर गिरोह का पुलिस ने आज बुधवार को पर्दाफाश किया है।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने इस मामले में गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 125 आईफोन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपितों में गिरोह का सरगना राजेश अजय सिंह झाला निवासी देवास (मध्यप्रदेश) और चोरी के मोबाइल खपाने वाला सफान खान शामिल है। मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं।
25 दिन की मेहनत, 6 विशेष टीमों ने किया खुलासा
पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 की दरम्यानी रात तेलीबांधा थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित आई नैक्स्ट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के एप्पल स्टोर का शटर उठाकर चोरों ने 173 आईफोन सहित एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड चोरी कर लिए थे। चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे। मामले में तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 487/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305 में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर 40 से अधिक पुलिसकर्मियों की छह विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने करीब 25 दिनों तक लगातार जांच करते हुए 250 किलोमीटर से अधिक के रूट पर 1000 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके अलावा 1100 से अधिक सेल आईडी टावर और 10 लाख से ज्यादा मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया गया।
चोरी की बाइक से पहुंचे थे रायपुर
जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपितों ने पहले रायपुर आकर एप्पल स्टोर की रेकी की थी। इसके बाद जोरा मॉल के पास से मोटरसाइकिल चोरी की और उसे महाराष्ट्र के साकोली के पास जंगल में छिपा दिया। 31 अक्टूबर को आरोपित दोबारा रायपुर पहुंचे और रात में वारदात को अंजाम देकर चोरी की बाइक महाराष्ट्र के मौधा क्षेत्र में कुल्हान नदी के पुल के नीचे छिपा दी। दुकान का डीवीआर भी नदी में फेंक दिया गया। इसके बाद सभी आरोपित बस से इंदौर पहुंचे और चोरी के आईफोन सफान खान को सौंप दिए।
देवास के कंजर गिरोह का निकला मास्टरमाइंड
पुलिस की जांच में वर्ष 2024 में जयपुर के एप्पल स्टोर में हुई चोरी की घटना से भी इस गिरोह के तार जुड़े मिले। इसके आधार पर देवास पुलिस के सहयोग से राजेश अजय सिंह झाला को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने बेटे राज झाला और साथी राजेश लोधी के साथ मिलकर रायपुर में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, राजेश झाला के खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक अपराध दर्ज हैं।
विदेश भागने से पहले सफान खान गिरफ्तार
राजेश झाला की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने चोरी के आईफोन खपाने वाले सफान खान की तलाश तेज कर दी। सफान के विदेश भागने की आशंका को देखते हुए इंदौर में तैनात 12 सदस्यीय पुलिस टीम ने लगातार निगरानी और तकनीकी जांच की। इसी दौरान उसके मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास होने की जानकारी मिली। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे विदेश भागने से पहले गिरफ्तार कर लिया।
सफान खान की निशानदेही पर मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया से 125 आईफोन बरामद किए गए। इनकी कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये है। पुलिस अब शेष चोरी गए मोबाइल और गिरोह के अन्य नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
नेपाल और बांग्लादेश में आईफोन खपाने की आशंका
पुलिस को आशंका है कि गिरोह महंगे मोबाइल स्टोरों में चोरी करवाकर आईफोन नेपाल और बांग्लादेश में खपाता था। इस एंगल पर भी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों की कार्यप्रणाली बेहद शातिर थी। वे वारदात के दौरान मोबाइल फोन बंद रखते थे और चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करते थे, ताकि उनकी पहचान और लोकेशन का पता लगाना मुश्किल हो।
दो आरोपित अब भी फरार
इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजेश अजय सिंह झाला (43), निवासी टोंककला, जिला देवास और सफान खान (35), निवासी बड़वानी के रूप में हुई है। वहीं राजेश झाला का बेटा राज झाला और साथी राजेश लोधी अभी फरार हैं। पुलिस की टीमें उनकी तलाश में मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में दबिश दे रही हैं।
रायपुर पुलिस ने मामले में संगठित अपराध से संबंधित धाराएं जोड़कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य अपराधों और चोरी के शेष सामान की बरामदगी के लिए भी कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

