home page

रायपुर में पति ने की पत्नी और दो बच्चों की हत्या, खुद पर भी किया चाकू से हमला

 | 
रायपुर में पति ने की पत्नी और दो बच्चों की हत्या, खुद पर भी किया चाकू से हमला


रायपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र अंतर्गत डूमरतराई में शनिवार देर रात एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो नाबालिग बेटों की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने स्वयं पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या का प्रयास किया। घायल आरोपित का उपचार अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में जारी है।

माना पुलिस के अनुसार आरोपित की पहचान भुनेश्वर साहू (34) के रूप में हुई है, जो बालोद जिले का निवासी है और डूमरतराई के साहू पारा में किराये के मकान में परिवार के साथ रहता था। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और पत्नी के चरित्र पर संदेह को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में अंतिम पुष्टि नहीं की है। जानकारी के अनुसार देर रात विवाद के बाद आरोपित ने पहले अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू पर धारदार हथियार से हमला किया। इसके बाद उसने अपने दोनों पुत्र आशीष साहू (10) और ज्ञान साहू (8) पर भी हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित ने खुद पर भी चाकू से वार कर लिया।

रविवार सुबह पड़ोसियों को घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी, जानकारी मिलते ही उन्होंने पुलिस को सूचित किया। माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपित घायल हालत में पड़ा हुआ था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मेकाहारा अस्पताल में उपचार के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मेकाहारा भेज दिया है और घटनास्थल को सील कर दिया है। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल