home page

ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में खपाने की तैयारी, महिला समेत तीन गिरफ्तार

 | 
ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में खपाने की तैयारी, महिला समेत तीन गिरफ्तार


14.970 किलो गांजा जब्त, कीमत 7.48 लाख रुपये

रायपुर, 29 अक्टूबर (हि. स.)। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 14.970 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 7 लाख 48 हजार 500 रुपये बताई गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने गांजा ओडिशा से लाना बताया है। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क और गांजा सप्लाई करने वालों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र के तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे बिजली ऑफिस के पास कुछ लोग गांजा लेकर बिक्री की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।

पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक महिला और दो पुरुषों को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान गजेन्द्र पंचाल (34वर्ष ), नीरज तोमर (21 वर्ष ) और शबाना लोधी (33वर्ष ) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके बैग से गांजा बरामद हुआ। गजेन्द्र पंचाल और नीरज तोमर मूलतः राजस्थान के भरतपुर जिले के निवासी हैं, जबकि तीनों रायपुर में भी रह रहे थे।

पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर गंज थाने में अपराध क्रमांक 319/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला आरोपी शबाना लोधी पूर्व में नागपुर में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जेल जा चुकी है।

अब पुलिस गांजा उपलब्ध कराने वाले स्रोतों, संभावित खरीदारों और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर