रायपुर में गांजा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5.448 किलो गांजा के साथ ओडिशा का आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 3 अक्टूबर (हि. स.)। सूखे नशे के खिलाफ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत टिकरापारा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस ने भाठागांव बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति को 5.448 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 लाख 72 हजार 400 रुपये बताई गई है।
पुलिस से शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, भाठागांव बस स्टैंड स्थित सुलभ के पास एक व्यक्ति काले रंग के ट्रॉली बैग में गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस की टीम ने मौके पर घेराबंदी की और मुखबिर द्वारा बताए हुलिए के आधार पर संदिग्ध को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपित के कब्जे से 5.448 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम सामू माडी (40 वर्ष), पिता मुका माडी, निवासी ग्राम टोंडापाली, वार्ड नंबर 02, थाना मलकानगिरी, जिला मलकानगिरी, ओडिशा बताया।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 924/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया। आरोपित को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुडिया के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

