रायपुर में करोड़ों की ठगी मामले में दो और आरोपित गिरफ्तार, अब तक 11 आरोपित पुलिस गिरफ्त में
रायपुर, 20 सितंबर (हि. स.) । तेलीबांधा थाना क्षेत्र में हुए करोड़ों रुपये के वॉश एंड वॉश/काले नोटों का घोटाला मामले में पुलिस ने रविवार काे अंतरराज्यीय गिरोह के दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर यह कार्रवाई की। इस मामले में पहले ही नौ आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अब तक कुल 11 आरोपित पुलिस की गिरफ्त में हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना तेलीबांधा में दर्ज अपराध क्रमांक 330/26, धारा 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत मामले की लगातार जांच की जा रही थी। पूर्व में गिरफ्तार नौ आरोपितों से पूछताछ के साथ उनके मोबाइल फोन और उनमें मौजूद डिजिटल सामग्री का तकनीकी विश्लेषण किया गया। इसी दौरान प्रकरण में अन्य आरोपितों की संलिप्तता और उनके आपसी संपर्कों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई।
तकनीकी जांच और पूछताछ से प्राप्त तथ्यों के आधार पर पुलिस ने रामायण सिंह उर्फ अभिषेक सिंह (39) और दीपक सिंह (46) की संलिप्तता की जानकारी जुटाई। इसके बाद दोनों के संभावित ठिकानों की निगरानी और तकनीकी विश्लेषण करते हुए उन्हें लोकेट कर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि, इस मामले में पूर्व में कनिज फातमा उर्फ भावना पांडेय, दीपिका पॉलीवाल, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ योगी, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव उर्फ कैप्टन उर्फ शेट्टी उर्फ रेड्डी, मनोज कुमार श्रीवास्तव उर्फ बड़े सर, विवेक सिंह, शुभम पांडेय, योगेन्द्र चौहान और बालमुकुंद दीक्षित को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से पुलिस ने 4 करोड़ रुपये से अधिक नगदी, 20 मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, नोट के आकार का काला पेपर, कांच की प्लेट्स, अन्य सामग्री और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए थे। जप्त सामग्री की कुल कीमत करीब 4 करोड़ 2 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार नए आरोपितों से मामले में शामिल अन्य लोगों, उनके संपर्कों और घटना में उनकी भूमिका के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

