रील बनाने को लेकर विवाद, 17 वर्षीय किशोर की चाकू घोंपकर हत्या, तीन नाबालिग पकड़े
नई दिल्ली, 22 अगस्त (हि.स.)। बाहरी जिले के नांगलोई और मंगोलपुरी रेलवे स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक के पास दोस्तों के साथ रील बना रहे 17 वर्षीय नाबालिग की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वारदात राज पार्क इंडस्ट्रियल एरिया के पास 20 अगस्त की शाम हुई। रील बनाने के दौरान तीन युवकों ने नाबालिग और उसके दोस्तों से विवाद किया। कहासुनी के बाद एक आरोपित ने नाबालिग को पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने चाकू से उसके पेट में वार कर दिया। वारदात के बाद तीनों आरोपित नांगलोई रेलवे स्टेशन की ओर भाग गए। रेलवे पुलिस ने करीब आठ घंटे में मामले को सुलझाते हुए तीन नाबालिग को पकड़ लिया।
रेलवे के पुलिस उपायुक्त बी भरत रेड्डी ने शनिवार को बताया कि 21 अगस्त को एएसआई शाहवीर सिंह को संजय गांधी अस्पताल में चाकूबाजी में घायल 17 वर्षीय नाबालिग के भर्ती होने की सूचना मिली। नाबालिग को ऑपरेशन थियेटर में भर्ती किया गया था और वह बयान देने की स्थिति में नहीं था। पूछताछ में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि 20 अगस्त शाम करीब छह बजे नाबालिग अपने दोस्तों, एक अन्य नाबालिग और मुन्ना गुप्ता के साथ नांगलोई और मंगोलपुरी रेलवे स्टेशनों के बीच राज पार्क इंडस्ट्रियल एरिया में रेलवे ट्रैक के पास रील बना रहा था।
इसी दौरान करीब 17 से 20 वर्ष की उम्र के तीन लड़के वहां पहुंचे और रील बनाने को लेकर दखल देने लगे। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर एक आरोपित ने पीड़ित को पकड़ लिया। इसके बाद दूसरे आरोपित ने अपने साथी को चाकू दिया और उसने नाबालिग के पेट में चाकू घोंप दिया। हमले के बाद तीनों आरोपित मौके से फरार हो गए। मुन्ना गुप्ता और उसके दोस्त ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान नाबालिग ने दम तोड़ दिया।
घटना के संबंध में सराय रोहिल्ला रेलवे थाना पुलिस ने 21 अगस्त को एफआईआर संख्या 26/26 दर्ज की। शुरुआत में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। बाद में घायल नाबालिग की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद हत्या समेत अन्य धाराएं जोड़ी गईं। पोस्टमार्टम के बाद शव मृतक के पिता को सौंप दिया गया।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार हत्या के बाद रेलवे पुलिस ने आरोपितों की पहचान के लिए रेलवे ट्रैक, स्टेशनों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के साथ तकनीकी जांच भी की गई। वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद करने के लिए भी पुलिस ने लगातार प्रयास किए।
राज पार्क थाना पुलिस और रेलवे पुलिस की टीमों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर पुलिस को आरोपितों तक पहुंचने में सफलता मिली। तीनों नाबालिग आरोपितों को पकड़ लिया गया। उनकी निशानदेही पर वारदात के समय पहने गए कपड़े और ऑनलाइन खरीदा गया चाकू बरामद कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई और वारदात में तीनों की भूमिका क्या थी। तीनों सुल्तानपुरी के रहने वाले है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

