यमुनानगर: रेलवे ट्रैक हत्याकांड में पुलिस जांच निर्णायक चरण में पहुंची
यमुनानगर, 02 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में 21 वर्षीय युवक की हत्या कर उसका शव रेलवे ट्रैक के समीप फेंके जाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस जांच निर्णायक चरण में पहुंच गई है। मामले में मृतक की महिला मित्र और उससे जुड़े एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उधर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर विरोध जताया है। सूचना मिलने पर सेक्टर-17 थाना प्रभारी प्रमोद वालिया अस्पताल पहुंचे और परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मामले में अहम संदिग्धों को हिरासत में लिया जा चुका है और जांच लगभग पूरी हो चुकी है। जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। आश्वासन के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए सहमत हुए।
परिजनों के अनुसार मृतक राजीव पिछले करीब दो वर्षों से स्नेहा नाम की युवती के संपर्क में था। बताया गया कि दोनों की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी और बाद में मुलाकातें भी होने लगीं। परिवार का कहना है कि युवक अपने जन्मदिन से पहले घर से हरिद्वार जाने की बात कहकर निकला था और उसके बाद से मोबाइल फोन बंद आने लगा। काफी तलाश के बाद गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। अगले दिन सुबह पुलिस को सूचना मिली कि बाड़ी माजरा तीर्थ नगर क्षेत्र में रेलवे लाइन के पास एक युवक का शव पड़ा है। पहचान होने पर परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मुंह पर कपड़ा लगा हुआ था और गर्दन पर गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल से कुछ सामान भी बरामद किया गया है, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
मृतक कई वर्षों से डीजे से जुड़े कार्य में लगा हुआ था और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। पिता के निधन के बाद वह घर का सहारा माना जाता था। उसकी मौत से परिवार में शोक का माहौल है। सदर थाना प्रभारी सलिंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

