रेलवे स्टेशन के पास नकाबपोशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, सपा नेता समेत दो घायल
बांदा, 03 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में अतर्रा नगर के रेलवे स्टेशन के पास साेमवार की रात करीब 1.30 बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच नकाबपोश हमलावरों ने अचानक तमंचों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दिया। अचानक हुई इस गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों ने दो युवकों पर फायरिंग कर जान से मारने की कोशिश की किंतु गोली दोनों को छूकर निकल गई और वे घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर घायलों को मार डालने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के समय स्टेशन पर ट्रेन भी पहुंची हुई थी, जिससे यात्रियों का आना-जाना लगा था। नगर के अतिव्यस्त इलाके में हुई इस घटना से लोगों में दहशत में था गई और इधर छिप कर लोगों ने जान बचाई।
शिवपुरी, नरैनी रोड निवासी निखिल गुप्ता पुत्र किशन चंद्र ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अपने मित्र आकाश शिवहरे, जयप्रकाश गुप्ता और सपा नेता राधेश्याम गुप्ता के साथ बीती रात तकरीबन 1.30 बजे स्टेशन की तरफ जा रहे थे जैसे ही सभी रेलवे स्टेशन के पास सरन सेठ के मकान के नजदीक पहुंचे थे,तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अज्ञात नकाबपोश युवक वहां आ गए और सभी ने अचानक फायरिंग शुरू कर दिया। जब तक वे कुछ समझ पाते तभी उनमें से दो हमलावर उनके पास पहुंचे और अचानक दोनों ने तमंचे निकालकर उन पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली सपा नेता राधेश्याम गुप्ता की दायीं जांघ में लगी, जबकि दूसरी गोली निखिल गुप्ता की दायीं आंख के ऊपर माथे को छूते हुए निकल गई। उस वक्त तीन अन्य हमलावर वहां खडी बस के पीछे खड़े हुए थे। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। हमलावरों ने उन लोगों को धमकी देते हुए कहा कि इस बार बच गए हो, दोबारा यहां दिखाई दिए तो जान से मार देंगें। इसके बाद सभी हमलावर पास में खड़ी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। घायल निखिल गुप्ता और राधेश्याम को तत्काल कोतवाली ले जाया गया। चोटें अधिक होने के कारण पुलिस ने पहले चिकित्सकीय उपचार कराने की सलाह दी जिस पर उन घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बांदा रेफर किया गया है।
घायल राधेश्याम गुप्ता के अनुसार, पिछली हनुमान जयंती के दिन निखिल के भाई राहुल गुप्ता का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। तभी से संबंधित लोगों द्वारा राहुल को जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। इस संबंध में पहले भी पुलिस से शिकायत की गई थी लेकिन पुलिस द्वारा कोई तवज्जो नहीं दी गई थी।मंगलवार रात हुई फायरिंग की घटना को इसी पुराने विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि हमले के पीछे वास्तविक वजह क्या है और इसमें कौन लोग शामिल हैं, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलते ही रात में ही पुलिस सक्रिय हुई। मौके पर पहुंचकर लोगों से पूछताछ की तथा घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जिसमें आरोपियों द्वारा घटना कारित किए जाने संबंधी फुटेज प्राप्त हुए हैं। कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश कुमार तिवारी ने मंगलवार काे बताया कि तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। स्टेशन रोड सहित नगर में रात को गश्त तेज किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

