home page

सीवान जंक्शन पर यात्री सामान चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार, तीन मोबाइल व पावर बैंक बरामद

 | 
सीवान जंक्शन पर यात्री सामान चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार, तीन मोबाइल व पावर बैंक बरामद


सीवान, 10 अगस्त (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट सीवान और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) सीवान की संयुक्त टीम ने सोमवार को सीवान जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन से यात्रियों के कीमती सामान की चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक के पास से चोरी के तीन मोबाइल फोन और एक पावर बैंक बरामद किया गया है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बतायी गयी है।

आरपीएफ के अनुसार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी और सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के दिशा-निर्देशन तथा आरपीएफ पोस्ट सीवान के प्रभारी निरीक्षक के पर्यवेक्षण में सोमवार को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पश्चिमी स्टॉल के पास एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। टीम ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास विभिन्न कंपनियों के तीन मोबाइल फोन और एक पावर बैंक बरामद हुआ। पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने अपना नाम सलमान अंसारी (19) बताया जो मैरवा थाने के नवका टोला निवासी खुशबुद्दीन अंसारी का पुत्र है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने बरामद मोबाइल फोन को अलग-अलग ट्रेनों से चोरी करने की बात स्वीकार की है। बरामद मोबाइल में एक वीवो, एक ओप्पो और एक मोटोरोला कंपनी का फोन शामिल है। इसके अलावा एक पावर बैंक भी बरामद किया गया है। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये है।

इस मामले में रेल थाना सीवान में कांड संख्या 149/26, धारा 317(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में आरपीएफ के उपनिरीक्षक जयेन्द्र कुमार मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, सहायक उपनिरीक्षक शैलेन्द्र पाण्डेय, हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश मिश्रा, कांस्टेबल विनोद कुमार वर्मा, विजय कुमार यादव और नीरज कुमार पाण्डेय शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma