home page

डेढ़ साल के मासूम के अपहरण का मामला सुलझा, आठ गिरफ्तार

 | 
डेढ़ साल के मासूम के अपहरण का मामला सुलझा, आठ गिरफ्तार


नई दिल्ली, 19 जून (हि.स.)। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से डेढ़ साल के मासूम के अपहरण ने एक मां की खुशियां छीन ली थीं, लेकिन दिल्ली पुलिस की रेलवे यूनिट ने तेज़ और सटीक कार्रवाई करते हुए न सिर्फ बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया, बल्कि बच्चों की तस्करी करने वाले पूरे गिरोह का भी भंडाफोड़ कर दिया। 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर और कई राज्यों में छापेमारी कर पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपिताें में की पहचान शिवा उर्फ गौरव (24), धर्मेंद्र (36), अकील (28), प्रीति शर्मा (36), पूजा (34), आरती (38), विशाल (19) और जिया (26) के रूप में हुई है।

रेलवे पुलिस उपायुक्त भरत रेड्डी ने बताया कि आरोपितों को एसीपी राजेश कुमार और संजय भारद्वाज की देखरेख में नई दिल्ली रेलवे एसएचओ विश्वनाथ पासवान के नेतृत्व में इंस्पेक्टर याकूब खान सहित अन्य पुलिसकर्मी की टीम ने पकड़ा है।

पुलिस के अनुसार मामला 24 मई 2026 का है। गाजियाबाद की रहने वाली एक महिला अपने डेढ़ साल के बेटे के साथ नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के मुख्य हॉल में रह रही थी। 24 मई की सुबह जब वह जागी तो उसका बेटा गायब था। महिला की शिकायत मिलते ही रेलवे पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें तीन संदिग्ध बच्चे को लेकर स्टेशन से बाहर जाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने बैटरी रिक्शा, ऑटो और अन्य वाहनों के जरिए उनके रूट को ट्रैक किया। दिल्ली, गाजियाबाद और उत्तराखंड तक संदिग्धों की गतिविधियों का पीछा करते हुए पुलिस ने तकनीकी निगरानी, डिजिटल फोरेंसिक और लगातार छापेमारी की। आखिरकार जांच बाल तस्करी के एक संगठित गिरोह तक पहुंची, जिसका भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।

असुरक्षित परिस्थितियों में रहने वाले बच्चों को बनाते थे निशाना

रेलवे यूनिट ने अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई करते हुए आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह कमजोर और असुरक्षित परिस्थितियों में रहने वाले बच्चों को निशाना बनाता था। कुछ आरोपी बच्चों का अपहरण करते थे, जबकि अन्य उन्हें खरीदने-बेचने और नए परिवारों तक पहुंचाने का काम करते थे। पुलिस ने अपहृत बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया है। बच्चे को चिकित्सीय जांच और देखभाल के लिए 'मातृ छाया' संस्था की निगरानी में रखा गया है। मामले में गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है और आशंका जताई जा रही है कि गिरोह अन्य राज्यों में भी सक्रिय रहा है। पुलिस ने ने लोगों से अपील की है कि रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बच्चों पर विशेष नजर रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी