जबलपुरः रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से विवाद, तीन किन्नरों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
जबलपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। रेलवे स्टेशन जबलपुर के प्लेटफार्म नंबर-1 पर यात्रियों से अभद्रता, गाली-गलौज और विवाद कर शांति भंग करने की स्थिति पैदा करने वाले तीन किन्नरों के खिलाफ जीआरपी पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर एसडीएम रांझी, जबलपुर के समक्ष इस्तगासा पेश किया है।
जीआरपी के अनुसार, मंगलवार को प्लेटफार्म नंबर-1 पर कुछ किन्नरों द्वारा स्टेशन से आने-जाने वाली ट्रेनों के यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करते हुए विवाद किया जा रहा था। यात्रियों की परेशानी और मौके पर बिगड़ती स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम ने पहुंचकर उन्हें समझाइश दी, लेकिन वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आए।
पुलिस के मुताबिक, लगातार विवाद किए जाने से संज्ञेय अपराध घटित होने की स्थिति बन रही थी। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने बबली किन्नर (45), कुसुम कुमारी (25) और मनू किन्नर (20), सभी निवासी इटारसी, जिला नर्मदापुरम, को गिरफ्तार किया। तीनों के विरुद्ध धारा 170, 126(बी) एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसके बाद पुलिस ने इस्तगासा तैयार कर तीनों को एसडीएम रांझी, जबलपुर के समक्ष प्रस्तुत किया।
जीआरपी पुलिस ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

