रेलवे स्टेशन पर हंगामा करने वाले दो व्यक्तियों पर कार्रवाई, रेल पुलिस ने किया गिरफ्तार
जबलपुर, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर रेलवे स्टेशन परिसर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेल पुलिस ने यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार और उपद्रव करने वाले दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
रेल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 4/5 और 6 पर नियमित गश्त एवं चेकिंग के दौरान दो व्यक्ति यात्रियों के साथ गाली-गलौज करते हुए विवाद की स्थिति उत्पन्न कर रहे थे। पुलिस द्वारा समझाइश देने के बावजूद दोनों का आचरण नहीं बदला, जिससे स्टेशन परिसर में शांति भंग होने की आशंका पैदा हो गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नर्मदापुरम जिले के बनखेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम जुनेटा निवासी 35 वर्षीय श्रीकांत कुशवाहा तथा नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़िया निवासी 30 वर्षीय आकाश भाट के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126(बी) एवं 135(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर इस्तगासा तैयार किया और उन्हें एसडीएम न्यायालय, जबलपुर के समक्ष प्रस्तुत किया।
रेल पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा रेलवे परिसर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

