home page

चोरी का रेल तार खरीदने वाला कबाड़ी भी गिरफ्तार, अब तक नौ आरोपित पकड़े

 | 
चोरी का रेल तार खरीदने वाला कबाड़ी भी गिरफ्तार, अब तक नौ आरोपित पकड़े


3.74 लाख रुपए का 1,294 मीटर कॉपर वायर बरामद, कबाड़ी के प्रयागराज स्थित गोदाम तक पहुंची आरपीएफ

जोधपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल ने आधुनिक तकनीक और सटीक जांच के जरिए बासनी रेलवे स्टेशन यार्ड से चोरी हुए 3.74 लाख रुपये के कॉपर वायर की शत-प्रतिशत बरामदगी कर मिसाल पेश की है। करीब 70 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और फास्टैग रिकॉर्ड की मदद से जांच टीम प्रयागराज तक पहुंची। मामले में आठ आरोपिताें और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वारदात में प्रयुक्त पिकअप भी जब्त की गई है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) नीतीश शर्मा ने बताया कि 16-17 अगस्त की रात बासनी रेलवे स्टेशन यार्ड में खड़े ओएचई टावर वैगन से 1,294 मीटर कैटेनरी कॉपर वायर चोरी हुआ था। आरपीएफ पोस्ट भगत की कोठी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि सहायक सुरक्षा आयुक्त मुकेश कुमार व टीम को निर्देश के बाद पर्यवेक्षण में टीम ने घटनास्थल और आसपास के करीब 70 कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्ध पिकअप की पहचान के बाद टोल प्लाजा के फुटेज और फास्टैग रिकॉर्ड से उसकी आवाजाही का पता लगाया गया। टीम 19 अगस्त को प्रयागराज के करछना क्षेत्र स्थित देवरी खुर्द गांव पहुंची और पिकअप जब्त की। जांच के दौरान 23 अगस्त को नरेंद्र पटेल उर्फ कार्तिक, मनोज, शिवम पटेल, शुभम पटेल और नीरज कुमार पटेल को गिरफ्तार किया गया। इनके सुराग पर 28 अगस्त को राजकुमार पटेल, राहुल कुमार पटेल और रवि पटेल को भी गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि रवि पटेल बासनी स्टेशन पर निजी कंपनी के अधीन टावर वैगन के रखरखाव कार्य से जुड़ा था। आरोप है कि उसने यार्ड में उपलब्ध कॉपर वायर की जानकारी देकर चोरी की योजना बनाने में मदद की।

जांच के दौरान टीम को चोरी का वायर प्रयागराज के कीडगंज क्षेत्र में कबाड़ी रामदत्त मिश्रा को बेचे जाने का पता चला। आरपीएफ ने अब उसे गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने 18 अगस्त को नरेंद्र पटेल उर्फ कार्तिक और राजकुमार पटेल से वायर खरीदना स्वीकार किया। उसके गोदाम से चोरी हुआ पूरा 1,294 मीटर कॉपर वायर बरामद कर लिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश