प्रेमिका से शादी लिए रेलवे पुल पर चढ़ा युवक, प्रेमिका के आने पर उतरा, पुलिस ने भेजा जेल
बांदा, 11 सितंबर (हि.स.)। प्रेमिका से शादी की जिद में शुक्रवार सुबह एक युवक के रेलवे पुल पर चढ़ जाने से करीब दो घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रेमिका को मौके पर बुलाने और उससे शादी कराने की मांग को लेकर युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं था। उसका अंदाज कुछ-कुछ फिल्म शोले के वीरू की याद दिला रहा था। फर्क सिर्फ इतना था कि यहां पूरा मामला फिल्मी पर्दे के बजाय केन नदी के रेलवे पुल पर हकीकत में चल रहा था। पुल से उतारने के बाद युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मामला उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में मटौंध थाना क्षेत्र में केन नदी पर बने रेलवे पुल का है। शहर के चमरौडी निवासी विकास शर्मा का शहर की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। युवक प्रेमिका से शादी करना चाहता था, लेकिन परिजनों की रजामंदी न मिलने से नाराज होकर वह शुक्रवार सुबह करीब छह बजे रेलवे पुल पर चढ़ गया।
पुल पर पहुंचने के बाद विकास ने प्रेमिका को मौके पर बुलाने की मांग शुरू कर दी। पुलिस ने उसे काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। प्रेमिका के नहीं आने पर उसने पुल से कूदने की धमकी दी। इससे पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही एसपी पलाश बंसल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीमों को तत्काल मौके पर भेजा। भूरागढ़ चौकी प्रभारी अरविंद कुमार सहित पुलिसकर्मियों ने युवक से लगातार बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाया। युवक की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने पुल के नीचे गोताखोरों और नाविकों को भी तैनात कर दिया। करीब दो घंटे तक पुलिस युवक को समझाती रही, लेकिन वह प्रेमिका के सामने आने की मांग से पीछे नहीं हटा। आखिरकार पुलिस ने युवती को मौके पर बुलवाया। प्रेमिका के पहुंचते ही युवक नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया। पुलिस ने उसे सकुशल नीचे उतारकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
सुबह छह बजे शुरू हुआ यह ड्रामा करीब दो घंटे तक चलता रहा। युवक के पुल पर चढ़ने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग भी मौके पर जमा हो गए। पुलिस लगातार युवक से बातचीत करती रही और किसी तरह उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुटी रही। प्रेमिका के मौके पर पहुंचने के बाद ही युवक ने नीचे उतरने पर सहमति जताई और पुलिस ने राहत की सांस ली।
एसपी पलाश बंसल के निर्देश पर भूरागढ़ चौकी प्रभारी अरविंद कुमार, जेल चौकी प्रभारी प्रदीप सोनी और कालवन गंज चौकी प्रभारी शुभम कौशिक समेत पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सकुशल नीचे उतार लिया गया।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज ने बताया कि आज सूचना प्राप्त हुई कि जनपद बांदा थाना कोतवाली नगर क्षेत्रांतर्गत केन नदी पुल भूरागढ़ के पास एक व्यक्ति रेलवे पुल के ऊपर चढ़ा हुआ है। सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची व समझा-बुझा कर युवक को नीचे उतारा गया। युवक का नाम विकास है। उसके विरुद्ध थाना कोतवाली नगर में पूर्व में अभियोग पंजीकृत किया गया था। विवेचना के क्रम में साक्ष्य संकलन किए गए थे व उक्त व्यक्ति वांछित चल रहा था जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। उक्त व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। अवगत कराना है कि उक्त युवक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो बनाने का काम करता था व सहयोगी कर्मी के द्वारा ही इसके विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कराया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

