यमुनानगर:रेलवे लाइन किनारे मिले युवक के शव की पहचान, जन्मदिन पर हुई मौत ने खड़े किए कई सवाल
यमुनानगर, 01 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में रेलवे लाइन के पास रविवार सुबह संदिग्ध हालात में मिले युवक के शव की पहचान पुलिस ने 21 वर्षीय राजीव के रूप में कर ली है। प्रारंभिक तौर पर अज्ञात शव मानकर जांच शुरू की गई थी, लेकिन परिजनों के सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। युवक पिछले दो दिनों से घर से लापता बताया जा रहा था और संयोग से जिस दिन उसका जन्मदिन था, उसी दिन उसका शव बरामद हुआ।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल की परिस्थितियां सामान्य मौत की ओर संकेत नहीं करतीं। मृतक युवक के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ पाया गया तथा उस पर चिपकने जैसा पदार्थ लगाए जाने के संकेत मिले हैं। गले पर मिले गहरे निशानों ने गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका को मजबूत किया है। मौके से एक महिला का दुपट्टा और युवक का एक जूता भी बरामद हुआ है, जिससे संघर्ष की संभावना जताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और जांच टीम मौके पर पहुंची तथा क्षेत्र को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाए गए। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवक एक युवती के संपर्क में था और दोनों के बीच बातचीत होती थी। परिवार का आरोप है कि युवती के एक अन्य युवक से संबंध थे और मृतक को कई बार दूरी बनाने की चेतावनी दी गई थी। परिजनों ने इसे साजिशन हत्या बताते हुए दोनों की भूमिका की जांच की मांग की है। मृतक परिवार का सहारा था और निजी कार्य कर घर की जिम्मेदारी निभा रहा था। पिता का पहले ही निधन हो चुका है। पुलिस का कहना है कि प्रेम संबंध, व्यक्तिगत रंजिश सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा परिजनों के आरोपों को भी गंभीरता से जांच में शामिल किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

