home page

ऑपरेशन क्लीन हंट : अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 21 चोरी की बाइक बरामद

 | 
ऑपरेशन क्लीन हंट : अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 21 चोरी की बाइक बरामद


रायगढ़, 14 जुलाई (हि.स.)। रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। चक्रधरनगर थाना पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 9 लाख रुपये कीमत की 21 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मामले में दो आरोपित अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशिमोहन सिंह के निर्देश पर वाहन चोरी के मामलों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 11 जुलाई को कमला नेहरू गार्डन के सामने से चोरी हुई एक हीरो स्प्लेंडर बाइक की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने मेडिकल कॉलेज रोड पर घेराबंदी कर अनिल मिश्रा और अमृत बहादुर को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों बोलो निषाद, चंद्रकुमार तिवारी और चंदन राय के साथ मिलकर वाहन चोरी करने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने तीनों अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि, वे रायगढ़, कोरबा, सक्ती, ओडिशा के बरगढ़ और आसपास के इलाकों से बाइक चोरी करते थे। चोरी के बाद बाइक अलग-अलग जगह छिपाकर रखते थे और बाद में उन्हें बेच देते थे।

आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 21 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें 10 बाइक अनिल मिश्रा, 5 बोलो निषाद, 4 चंद्रकुमार तिवारी और 2 बाइक अमृत बहादुर के कब्जे से मिलीं।

जांच में सामने आया कि, गिरोह भीड़भाड़ वाले स्थानों, पार्कों और बाजारों में खड़ी हीरो स्प्लेंडर और एचएफ डीलक्स जैसी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाता था। आरोपित लॉक तोड़कर बाइक चोरी करते थे और उन्हें दूसरे जिलों व राज्यों में बेच देते थे।

पुलिस ने सभी पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, गिरोह के दो अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित अनिल मिश्रा और चंदन राय के खिलाफ पहले से भी वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान