home page

अवैध खनन के खिलाफ छापेमारी, तीन ट्रैक्टर जब्त, टीम को घेरने पर 30-40 लोगों पर होगी कार्रवाई

 | 
अवैध खनन के खिलाफ छापेमारी, तीन ट्रैक्टर जब्त, टीम को घेरने पर 30-40 लोगों पर होगी कार्रवाई


किशनगंज, 20 अप्रैल (हि.स.)। जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को कोढ़ोबारी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में छापेमारी अभियान चलाया।

यह कार्रवाई जिलाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी प्रणव कुमार प्रभाकर के नेतृत्व में पुलिस बल के सहयोग से की गई। छापेमारी के दौरान प्रशासनिक टीम ने अवैध खनन की जांच शुरू की, तभी मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने विरोध करते हुए टीम को घेर लिया।

इससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों ने संयम बरतते हुए कार्रवाई जारी रखी। कार्रवाई के दौरान अवैध खनन में उपयोग किए जा रहे तीन ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया। साथ ही पूरे घटनाक्रम का वीडियो फुटेज भी तैयार किया गया है।

प्रशासन ने बताया कि वीडियो के आधार पर 30 से 40 लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला खनन पदाधिकारी प्रणव कुमार प्रभाकर ने बताया कि अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए आगे भी छापेमारी अभियान जारी रहेगा, ताकि सरकारी राजस्व की क्षति को रोका जा सके और अवैध गतिविधियों पर पूर्ण रूप से नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह