home page

सहरसा के रेड लाइट एरिया में छापेमारी, 4 नाबालिग समेत 18 लोग हिरासत में

 | 
सहरसा के रेड लाइट एरिया में छापेमारी, 4 नाबालिग समेत 18 लोग हिरासत में


सहरसा, 07 जुलाई (हि.स.)।

शहर के सदर थाना क्षेत्र स्थित भारतीय नगर रेड लाइट एरिया में मंगलवार को पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 लोगों को हिरासत में लिया।इनमें चार नाबालिग लड़कियां, चार नाबालिग लड़के, नौ महिलाएं तथा कथित सेक्स रैकेट संचालित करने वाली एक महिला शामिल है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

साइबर डीएसपी कल्याण आनंद ने बताया कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में अवैध देह व्यापार संचालित होने की शिकायत मिल रही थी। शिकायतों के सत्यापन के बाद जिला पुलिस एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट एएचटीयू की संयुक्त टीम गठित कर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान पूर्व में प्रशासन द्वारा सील किए गए मकानों से भी लड़कियां बरामद हुईं। इससे स्पष्ट हुआ कि सील किए गए भवनों में भी अवैध गतिविधियां जारी थीं।

पुलिस ने मौके से एक महिला को गिरफ्तार किया है।जिससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।डीएसपी ने बताया कि इससे पहले भी इसी रेड लाइट एरिया में छापेमारी कर 10 महिलाओं और चार नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया था। उस समय जिन मकानों में देह व्यापार संचालित हो रहा था उन्हें सील कर दिया गया था।

इसके बावजूद सील मकानों में फिर से अवैध गतिविधियां संचालित होने का मामला सामने आया है।पुलिस सभी हिरासत में लिए गए नाबालिगों और महिलाओं से पूछताछ कर रही है। साथ ही नाबालिगों की काउंसलिंग एवं संरक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।ज्ञात हो कि इससे पूर्व में भी नाबालिग लडकियों से देह व्यापार कराये जाने की शिकायत पर छापेमारी कर जगह को सील कराया गया था।लेकिन आज फिर से छापेमारी की कारवाई में लडकियों की गिरफ्तारी होना कई सवाल को जन्म देती है।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार