home page

जबलपुरः पाटन में रेत के अवैध उत्खनन पर राजस्व,पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई

 | 
जबलपुरः पाटन में रेत के अवैध उत्खनन पर राजस्व,पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई


जबलपुर, 03 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के पाटन में बुधवार को राजस्व,पुलिस और खनिज अमले के दल ने रेत के अवैध उत्खनन कर्ताओं के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ट्रेक्टर और दो डंपर जप्त किये गये हैं, वहीं 80 ट्रॉली रेत का अवैध स्टॉक पर भी दबिश दी।

एसडीएम मानवेंद्र सिंह के नेतृत्व में राजस्व व खनिज अमले ने बुधवार को पाटन अनुभाग के अंतर्गत कटंगी एवं पाटन तहसील में हिरन नदी से संलग्न क्षेत्रों और मुख्य सड़क मार्ग में किये गये औचक निरीक्षण से हड़कंप को स्थिति बनी रही। निरीक्षण के दौरान जहां ग्राम कटंगी में अवैध परिवहन में लगे एक ट्रैक्टर जप्त कर थाना कटंगी की अभिरक्षा में रखा। वहीं, नुनसर टोल गेट के पास से दो डंपर जप्त किये गये। इनमें से एक डंपर को बिना टीपी के रेत का परिवहन करते पाये जाने पर और दूसरे डंपर को ओवरलोडिंग के कारण जप्त किया गया है। जप्त दोनों डंपर को नुनसर पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया।

पाटन के ग्राम मड़वा और पिपरिया में करीब 80 ट्रॉली (240 घन मीटर) अवैध रूप से भंडारित खनिज रेत को जप्त किया गया । इस दौरान एसडीएम पाटन मानवेंद्र सिंह के साथ तहसीलदार सच्चिदानंद त्रिपाठी, नायब तहसीलदार जय सिंग धुर्वे, नायब तहसीलदार रश्मि चौधरी, खनि निरीक्षक विवेकानंद यादव सहित राजस्व, पुलिस एवं खनिज अमला शामिल था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक