home page

खगड़ा रेड लाइट एरिया में छापेमारी, पांच गिरफ्तार, 18 पीड़िताओं का रेस्क्यू

 | 
खगड़ा रेड लाइट एरिया में छापेमारी, पांच गिरफ्तार, 18 पीड़िताओं का रेस्क्यू


किशनगंज, 05 जुलाई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान नया सवेरा के तहत खगड़ा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 पीड़ित महिलाओं का रेस्क्यू किया है।

कार्रवाई के दौरान अनैतिक देह व्यापार से जुड़े मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि रेस्क्यू की गई महिलाओं को चिकित्सीय परीक्षण के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

पुलिस के अनुसार, बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर मानव तस्करी, बाल श्रम, रेड लाइट एरिया एवं अनैतिक गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 4 जुलाई को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में किशनगंज थाना क्षेत्र के खगड़ा इलाके में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।

छापेमारी के दौरान पश्चिम बंगाल, सीतामढ़ी, सहरसा, पूर्वी चंपारण, औरंगाबाद तथा मोतिहारी समेत विभिन्न स्थानों की 18 पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। वहीं मौके से माया खातून, ममता खातून, शमीना खातून, खिरदीन आलम और मो. कलाम को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में किशनगंज थाना में कांड संख्या 723/2026 दर्ज किया गया है। आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पॉक्सो अधिनियम तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पुलिस ने बताया कि रेस्क्यू की गई सभी महिलाओं का मेडिकल परीक्षण कराया गया है तथा उन्हें नियमानुसार न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। वहीं गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि मानव तस्करी, देह व्यापार तथा महिलाओं और बच्चों के शोषण के विरुद्ध 'नया सवेरा' अभियान के तहत आगे भी जिले में लगातार सघन अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह