home page

नया सवेरा 3.0 अभियान के तहत बहादुरगंज में छापेमारी, पांच पीड़िताओं का रेस्क्यू, चार गिरफ्तार

 | 
नया सवेरा 3.0 अभियान के तहत बहादुरगंज में छापेमारी, पांच पीड़िताओं का रेस्क्यू, चार गिरफ्तार


किशनगंज, 11 जुलाई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक, हरिमोहन शुक्ला के निर्देशन में बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित विशेष अभियान ''नया सवेरा 3.0'' के तहत मानव तस्करी, अनैतिक व्यापार, बाल श्रम तथा रेड लाइट एरिया से जुड़े अपराधों के खिलाफ किशनगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

बहादुरगंज थाना क्षेत्र के प्रेम नगर इलाके में विशेष छापेमारी कर पुलिस ने पांच पीड़ित महिलाओं का सुरक्षित रेस्क्यू किया, जबकि कथित रूप से इस अवैध गतिविधि से जुड़े चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-01, खुसरू सिराज के नेतृत्व में गठित टीम ने प्रेम नगर क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न स्थानों की पांच पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी पीड़िताओं को संरक्षण में लेकर उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

इस मामले में पुलिस ने आशा बेगम, निवासी प्रेम नगर, बहादुरगंज, दिवाकर पंडित निवासी मछली मार्केट खुर्शीपाड़, भिलाई दुर्ग (छत्तीसगढ़), मो. असद, निवासी लोहागाड़ा, बहादुरगंज तथा नासीर आलम, निवासी जनता कन्हैयाबाड़ी, बहादुरगंज को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि ये सभी अनैतिक व्यापार से जुड़े नेटवर्क के संचालन में संलिप्त थे। इस संबंध में बहादुरगंज थाना कांड संख्या 434/2026 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो अधिनियम तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गई है। गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जबकि मामले की गहन जांच जारी है।

पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने कहा कि नया सवेरा 3.0 अभियान का उद्देश्य मानव तस्करी, महिलाओं एवं बच्चों के यौन शोषण तथा अनैतिक व्यापार जैसे संगठित अपराधों पर प्रभावी रोक लगाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह