home page

निम्बाहेड़ा में नकली घी बनाने की सूचना पर मारा छापा, ब्रांडेड कंपनियों के खाली डिब्बे-कार्टन बरामद

 | 
निम्बाहेड़ा में नकली घी बनाने की सूचना पर मारा छापा, ब्रांडेड कंपनियों के खाली डिब्बे-कार्टन बरामद


चित्तौड़गढ़, 04 मई (हि.स.)। जिले के निंबाहेड़ा नगर परिषद क्षेत्र में नकली घी बनाने की सूचना के बाद कोतवाली पुलिस, तहसीलदार और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को एक मकान पर छापा मारा है। यहां पर विभिन्न ब्रांडों के देसी घी के खाली डिब्बे, कार्टन और अन्य सामग्री भारी मात्रा में बरामद की गई। ऐसे में मकान को पुनः सील कर दिया है तथा कम्पनियों से संपर्क किया जा रहा है। कंपनी के अधिकारी जांच करेंगे तथा उनकी रिपोर्ट पर कार्यवाही होगी।

निंबाहेड़ा तहसीलदार घनश्याम जरवाल ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र के अटल नगर स्थित इस मकान पर कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई। प्रशासन को सूचना मिली थी कि इस घर में नकली घी का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर रविवार को मकान को सील कर दिया था। वहीं सोमवार दोपहर में पुलिस ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी और तहसीलदार के साथ मिल कर दबिश दी। यहां मकान पर छापेमारी के दौरान मौके से महान और नोवा कंपनी के घी के खाली डिब्बे मिले। इसके साथ ही अन्य ब्रांडेड कंपनियों के स्टिकर और डिब्बे भी बरामद हुए। हालांकि मौके पर किसी प्रकार का तैयार घी नहीं मिला। प्रशाशन एवं पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह मकान किराए पर लिया गया था। किराएदार की पहचान प्रदीप भड़ाक्तिया के रूप में हुई है। मौके पर बुलाए जाने पर प्रदीप ने बताया कि उसके पास घी बेचने का लाइसेंस है और वह 'सेठ जी' के नाम से बाजार में घी बेचता है, जो कि पूजा के उपयोग में लेते हैं। इधर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि मौके पर अन्य कंपनियों के टीन, स्टिकर और रैपर मिलने से संदेह गहरा गया है। ऐसे में एक बार पुनः मकान को सील कर दिया है। साथ ही संबंधित कंपनियों को सूचना दी गई है, जिससे उनके सेल्स ऑफिसर आकर मौके पर मिले टीन एवं डिब्बों के आधार पर जांच कर सकें कि यहां नकली घी बन रहा था या नहीं। इस कार्यवाही में निंबाहेड़ा तहसीलदार घनश्याम जरवाल के अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष शर्मा, घनश्याम शर्मा, पुनीत जोशी के अलावा निंबाहेड़ा कोतवाली थाने का जाब्ता मौजूद रहा। खाद्य सुरक्षा विभाग की और से मामले की गहन जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल