सागर: शाहगढ़ में 3000 लीटर अवैध लहान की नष्ट, शराब माफियाओं में हड़कंप
सागर, 05 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में थाना शाहगढ़ पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई को अंजाम देते हुए लगभग 3000 लीटर अवैध शराब निर्माण सामग्री (लहान) को बरामद कर उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक-15, शाहगढ़ स्थित एक सुनसान खुले मैदान में कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा प्लास्टिक के बड़े-बड़े डिब्बों में भारी मात्रा में लहान (कच्ची शराब बनाने का कच्चा माल) छिपाकर रखा गया है। इस सामग्री का उपयोग बड़े पैमाने पर अवैध कच्ची शराब तैयार करने के लिए किया जाना था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक संदीप खरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस ने जब मैदान में सघन तलाशी अभियान चलाया, तो वहां झाड़ियों और खुले मैदान में छिपाकर रखे गए प्लास्टिक के कई डिब्बे बरामद हुए। इन डिब्बों को खोलने पर उनमें लगभग 3000 लीटर अवैध लहान भरा हुआ पाया गया। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए उक्त अवैध शराब निर्माण सामग्री को मौके पर ही पूरी तरह से बहाकर नष्ट कर दिया। पुलिस की मुस्तैदी के कारण समय रहते अवैध शराब बनने और उसकी सप्लाई होने की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मौके से लहान छोड़कर भागने वाले और इस पूरे अवैध नेटवर्क को संचालित करने वाले आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस लगातार संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही है। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उनके आस-पास अवैध शराब से जुड़ी कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखती है, तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाने को दें, ताकि समाज को इस लत और अवैध कारोबार से मुक्त रखा जा सके। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

