राहुल हत्याकांड का खुलासा, पांच आरोपित गिरफ्तार
बिजनौर,16 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बिजनौर जिले के शहर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को राहुल हत्याकांड का खुलासा करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया हैं। आरोपितों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। आरोपितों ने पुरानी रंजिश के चलते राहुल की हत्या की थी।
पुलिस अधीक्षक के. के. विश्नोई ने पत्रकारवार्ता में बताया कि 7 अक्टूबर को हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव सेवादास निवासी राहुल अपनी पत्नी और बहन के साथ मोटरसाइकिल से दवाई लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपितों ने उसकी मोटरसाइकिल रोक ली। आरोप है कि आरोपितों ने राहुल की पहचान छिपाने के लिए उसका मोबाइल फोन बंद कर दिया और साफी से उसका मुंह बांधकर उसे गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गये।
विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में लक्ष्मण उर्फ लक्की, आर्यन जिगनवाल, भावेश उर्फ भानु, आशुतोष उर्फ आशु और डिंजर उर्फ मान हैं। सभी आरोपित बिजनौर जनपद के विभिन्न गांवों एवं थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।
पूछताछ में सामने आया कि भावेश उर्फ भानु की राहुल की चचेरी बहन से प्रेम संबंधों को लेकर रंजिश थी। आरोप है कि राहुल के भाई ने भावेश को समझाया, लेकिन वह नहीं माना। इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर योजना के तहत राहुल की हत्या कर दी थी। गिरफ्तार आरोपितों के अपराधिक इतिहास की भी जांच कराई जा रही है।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

