जमीन विवाद में ग्राम कचहरी के पंच पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर
सुपौल, 16 मार्च (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के घरहरा पंचायत में जमीन विवाद को लेकर ग्राम कचहरी के एक पंच पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने छुरा से कई वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को स्थानीय लोगों की मदद से रेफरल अस्पताल राघोपुर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घायल की पहचान घरहरा पंचायत के वार्ड संख्या चार निवासी 55 वर्षीय मो. मजबूल, पिता स्व. मो. मोसिम, हाता टोला के रूप में हुई है। वह पंचायत में ग्राम कचहरी के पंच के पद पर निर्वाचित सदस्य हैं।
परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह मो. मजबूल अपने घर से खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घर से कुछ ही दूरी पर मो. सज्जाद के घर के पास पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि मो. नदीम ने अपने हाथ में लिए छुरा से उनके शरीर पर कई जगह वार कर दिया। इस दौरान मो. तहरिम, मो. कलाम, अजिमा खातून और गुनसनोवार खातून भी मौके पर मौजूद थे। अचानक हुए हमले में मो. मजबूल गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत उठाकर रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया। सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव में 10 धुर जमीन को लेकर मो. राशिद और मो. कलाम के बीच विवाद हुआ था। इस मामले को सुलझाने के लिए सामाजिक पंचायत बुलाई गई थी, जिसमें मो. मजबूल पंच के रूप में शामिल हुए थे। पंचायत में समझौता नहीं होने पर मो. राशिद ने राघोपुर थाना में लिखित आवेदन दिया था, जिसमें मो. मजबूल ने गवाह के रूप में हस्ताक्षर किया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपित पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
रेफरल अस्पताल राघोपुर में ड्यूटी पर मौजूद डॉ. संजीव द्विवेदी ने बताया कि घायल के शरीर पर करीब आठ स्थानों पर गंभीर जख्म पाए गए हैं और काफी खून बह चुका था। उनकी हालत नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। आवेदन मिलने पर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद आरोपी पक्ष के कुछ लोग भी अस्पताल पहुंचकर इलाज कराते देखे गए।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

