राघोपुर में 2475 लीटर विदेशी शराब बरामदगी मामले में दो गिरफ्तार
सुपौल, 04 नवंबर (हि.स.)। राघोपुर थाना क्षेत्र में ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामदगी मामले में पुलिस ने मंगलवार रात दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दौलतपुर पंचायत के वार्ड नंबर 8 निवासी रमेश कुमार स्वर्णकार और वार्ड नंबर 9 निवासी संजीव कुमार साह के रूप में हुई है। पुलिस दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया कर रही है।
जानकारी के अनुसार, बीते 15 और 16 अक्टूबर की मध्यरात्रि करीब 12:30 बजे राघोपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दौलतपुर जाने वाली सड़क पर आनंद चौक के पास एक ट्रक खड़ा है, जिसमें शराब की खेप रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक की तलाशी ली। ट्रक का पंजीकरण नंबर बीआर 33 जीसी 4280 था। तलाशी के दौरान ट्रक से 277 कार्टन में रखी 6,768 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। शराब की कुल मात्रा 2,475.36 लीटर बताई गई। पुलिस ने शराब के साथ ट्रक को भी जब्त कर लिया था।
इस मामले में राघोपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस शराब की खेप से जुड़े लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही थी। इसी क्रम में जांच के दौरान दोनों आरोपियों के नाम सामने आए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

