राघोपुर में बड़ी कार्रवाई: हथियार के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, लूटपाट गिरोह का भंडाफोड़
सुपौल, 24 मार्च (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। इस दौरान एक कथित रेपो एजेंट को लोडेड देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक अन्य साथी भी बाद में पकड़ा गया। हालांकि गिरोह के चार सदस्य मौके से फरार होने में सफल रहे।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दौलतपुर वार्ड-5 निवासी सुमन मंगरदैता (24) के रूप में हुई है। मंगलवार को करीब 3 बजे थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने जानकारी देते हुए बताया कि डायल 112 से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम विशनपुर दौलत पंचायत के दौलतपुर हटिया पुल के पास पहुंची। वहां पांच-छह युवक आपस में गाली-गलौज और मारपीट कर रहे थे। पुलिस को देखते ही सभी युवक भागने लगे, लेकिन एक आरोपी को खदेड़कर पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक लोडेड देशी पिस्टल और मैगजीन में रखे पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने अपने चार फरार साथियों के नाम भी उजागर किए हैं। उसने बताया कि वे सभी मिलकर राहगीरों को हथियार के बल पर रोककर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना लाया और आगे की कार्रवाई के दौरान छापेमारी कर एक अन्य आरोपी अखलेश कुमार को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
घटना के बाद इलाके में चर्चा है कि फरार आरोपी भागते समय पुलिस पर हथियार तानकर फरार हुए। वहीं स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में फर्जी रेपो एजेंसियों के नाम पर कई युवक सक्रिय हैं, जो वाहनों को रोककर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

