home page

राघोपुर में चार आरोपी गिरफ्तार, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद

 | 
राघोपुर में चार आरोपी गिरफ्तार, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद


राघोपुर में चार आरोपी गिरफ्तार, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद


सुपौल, 30 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अलग-अलग आपराधिक मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक के पास से देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। वहीं, तीन अन्य आरोपियों को लूटकांड के मामलों में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार शाम थाना क्षेत्र के कोरियापट्टी वार्ड संख्या-5 स्थित तिलावे धार पुल के समीप ग्रामीणों ने एक युवक को हथियार के साथ पकड़े जाने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान चंद्रदेव यादव उर्फ मटकुरिया के रूप में हुई है। इस दौरान युवक के साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई थी। पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा इसकी सूचना उसके परिजनों को दे दी।

वहीं, लूटकांड से जुड़े अलग-अलग मामलों में पुलिस ने राहुल कुमार, प्रभास कुमार और जटाशंकर उर्फ रोशन को गिरफ्तार किया है। पुलिस इन मामलों में आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र