राडो शोरूम से पांच करोड़ की 251 घड़ियां चोरी करने वाली गैंग के दो सदस्य बिहार से गिरफ्तार
जयपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। टोंक रोड पर ग्लास फैक्ट्री के पास स्थित राडो घड़ी शोरूम से 251 महंगी घड़ियां चोरी करने के मामले में बजाज नगर थाना पुलिस, सीएसटी और डीएसटी की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बिहार के मोतिहारी से अजय प्रसाद उर्फ अजय जायसवाल (41) और दिनेश पासवान (46) को गिरफ्तार किया है। चोरी गई घड़ियों की कीमत करीब 4 से 5 करोड़ रुपए बताई गई है। दोनों आरोपिताें को न्यायालय में पेश कर छह दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है।
गौरतलब है कि एक अक्टूबर को शोरूम का शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि इस मामले में पुलिस की विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर रास्तों, बस स्टैंडों और रेलवे स्टेशनों के 800 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान दिल्ली और गाजियाबाद से सुराग जुटाते हुए बिहार के मोतिहारी और घोड़ासन तक पहुंचकर आरोपियों की पहचान की गई। जयपुर, कोटपुतली, गुरुग्राम, दिल्ली, गाजियाबाद, मोतिहारी, बीरगंज और रक्सौल सीमा क्षेत्र में 50 से अधिक स्थानों पर दबिश दी गई। यह गिरोह देश के प्रमुख शहरों में महंगी घड़ियों, मोबाइल फोन और आभूषणों की दुकानों को पहले चिन्हित करता था। वारदात के लिए अलसुबह दुकान के सामने पर्दा या चादर लगाकर शटर तोड़ा जाता और कुछ ही मिनटों में चोरी कर आरोपित फरार हो जाते थे। पुलिस ने गिरोह में सुबोध उर्फ विकास डूम, सुरेन्द्र प्रसाद उर्फ बैला, अरुण शाह, श्याम बाबू उर्फ गुल्लीशाह, अजय प्रसाद जायसवाल, राजा मलाहा,साहनी, राजकुमार मलाहा और दिनेश पासवान के शामिल होने की जानकारी दी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के बाद अजय प्रसाद को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए ले जाया जा रहा था। इस दौरान उसने दीवार से कूदकर भागने का प्रयास किया, जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। उसे उपचार के लिए जयपुरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पूछताछ में गिरोह की ओर से देश के विभिन्न राज्यों में मोबाइल शोरूमों में चोरी की वारदातें करने की जानकारी सामने आई है। इनमें कोटा के गुमानपुरा, मध्यप्रदेश के उज्जैन और रतलाम, गुजरात के वडोदरा, केरल के कोल्लम, दिल्ली के पहाड़गंज और शाहदरा, पश्चिम बंगाल के आसनसोल व जलपाईगुड़ी क्षेत्र, त्रिपुरा और झारखंड के धनबाद सहित कई स्थान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, उज्जैन से 31, रतलाम से 98, वडोदरा से 73 और धनबाद से 173 मोबाइल चोरी किए जाने की वारदातें भी जांच में सामने आई हैं। दिल्ली के सुल्तानपुरी सब्जी बाजार क्षेत्र से 58 मोबाइल चोरी होने का मामला भी बताया गया है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के माल की बरामदगी के संबंध में पूछताछ जारी है। जांच में अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

