सागर: संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मीत, पुलिस जांच में जुटी
सागर, 01 मई (हि.स)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बांदरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गढ़ौला गोसाई में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और आदिवासी समाज में आक्रोश देखा जा रहा है।
मृतका की पहचान रचना आदिवासी के रूप में हुई है। शुक्रवार काे परिजनों ने बांदरी थाने पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। परिजनों ने गांव के एक युवक पर महिला को परेशान करने, ब्लैकमेल करने और मानसिक प्रताड़ना देने के आरोप लगाए हैं।
परिवार का आरोप है कि आरोपी युवक ने महिला से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो के माध्यम से उसे लंबे समय तक दबाव में रखा, जिससे वह मानसिक तनाव में थी। मामले से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल होने की बात सामने आई है, जिनकी सत्यता की पुष्टि पुलिस द्वारा की जा रही है। बताया जा रहा है कि इस घटनाक्रम का असर महिला के वैवाहिक जीवन पर भी पड़ा था, जिसके चलते वह तनाव में रह रही थी।
बांदरी थाना प्रभारी सुमेर सिंह जगत ने बताया कि परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो, परिजनों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी। गांव में स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी रखी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

