पुरुलिया में 322 किलोग्राम गांजा बरामद, सात गिरफ्तार
पुरुलिया, 28 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 322 किलोग्राम गांजा बरामद किया है तथा इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात गोविंदपुर-बालासोर राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर पुरुलिया शहर के प्रवेश मार्ग के निकट बेलकुड़ी रामकृष्ण मिशन के पास अभियान चलाया गया। इस दौरान एक ट्रक और उसके आगे-पीछे चल रही दो छोटी गाड़ियों को रोककर तलाशी ली गई।
जांच में ट्रक के निचले हिस्से में विशेष रूप से बनाई गई गुप्त कोठरी का पता चला। स्थानीय प्रशासन और प्रत्यक्षदर्शियों की उपस्थिति में कोठरी खोली गई, जिसमें छोटे-छोटे पैकेटों में छिपाकर रखा गया 322 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र से मौके पर ही मादक पदार्थ का वजन किया गया।
पुलिस ने इस कार्रवाई में शामिल सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन पश्चिम बंगाल, एक ओडिशा और तीन बिहार के निवासी बताए गए हैं। सभी आरोपितों की आयु 32 से 48 वर्ष के बीच है।
पुरुलिया जिला पुलिस ने बताया कि इस अभियान में विशेष अभियान दल (स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मादक पदार्थ को गुप्त कोठरी बनाकर दूसरे राज्य में पहुंचाने की तैयारी थी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसका अंतिम गंतव्य क्या था। साथ ही इस अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए सामाजिक माध्यम 'एक्स' पर पुलिस दल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध राज्य की कानून-व्यवस्था एजेंसियां समन्वित और प्रभावी ढंग से कार्य कर रही हैं तथा ऐसे अपराधों के प्रति 'शून्य सहिष्णुता' की नीति अपनाई गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

