भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद, सात गिरफ्तार
पुरुलिया, 06 नवंबर (हि. स.)। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। जिले के छह थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने सात आरोपितों को गिरफ्तार किया तथा भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए।
शुक्रवार शाम पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, अभियान के दौरान कुल सात आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत सात मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई में लगभग चार किलोग्राम गांजा और एक हजार 200 से अधिक बोतल फेंसिडिल कफ सिरप बरामद किया है।
पुरुलिया पुलिस की ओर से जिले में अवैध मादक पदार्थों की आपूर्ति और कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह संयुक्त अभियान चलाया गया। पुलिस का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल गिरोहों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
पुरुलिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। जिले को अधिक सुरक्षित और नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

