home page

विवाद की पैरवी में वृद्ध ठेकेदार की कुल्हाड़ी से हत्या, दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

 | 
विवाद की पैरवी में वृद्ध ठेकेदार की कुल्हाड़ी से हत्या, दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज


हमीरपुर, 25 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे ज़रिया थाना क्षेत्र के विकासखंड गोहण्ड में जमीन विवाद की पैरवी कर रहे 64 वर्षीय वृद्ध की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। यह घटना जरिया थाना क्षेत्र के गोहांड-बागीपुरा मार्ग पर हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान गोहांड कस्बा निवासी देशराज पुत्र परमलाल के रूप में हुई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुरुवार को आरोपित दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बताया गया कि बुधवार शाम देशराज अपने पड़ोसी नरेंद्र पुत्र प्रकाश के साथ राठ तहसील से काम निपटाकर बागीपुरा होते हुए गोहांड लौट रहे थे। तभी रास्ते में घात लगाए बैठे दबंगों ने उन पर हमला कर दिया। कुल्हाड़ी से किए गए हमले में देशराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नरेंद्र किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। परिजनों का आरोप है कि विपक्षी पक्ष के दो भाइयों ने वारदात को अंजाम दिया। मृतक देशराज खेती-किसानी के साथ सिंचाई विभाग में ठेकेदारी का काम भी करते थे।

मृतक के पुत्र कमलेश ने बताया कि नरेंद्र और उसके भाइयों का आरोपी पक्ष से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उनके पिता अक्सर नरेंद्र के साथ तहसील और अन्य स्थानों पर जाकर मामले में सहयोग करते थे, जिससे आरोपित उनसे रंजिश मानने लगे थे। कमलेश ने बताया कि उनके परिवार के पास बागीपुरा मौजा में करीब चार बीघा जमीन है।

वहीं सीओ सरीला शाहरुख खान ने गुरुवार को बताया कि प्रारम्भिक जांच में भूमि विवाद का मामला सामने आया है। मृतक स्वयं विवाद का पक्षकार नहीं था, बल्कि दूसरे पक्ष की पैरवी कर रहा था। इसी बात से नाराज होकर आरोपितों ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा