home page

पूर्णिया सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, दिनभर मचा रहा हड़कंप

 | 
पूर्णिया सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, दिनभर मचा रहा हड़कंप


पूर्णियां, 13 अप्रैल (हि.स.)।

पूर्णिया में सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। थ्रेट मिलने के बाद पूरे कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। कोर्ट प्रशासन के आधिकारिक ईमेल पर आए इस धमकी भरे संदेश के बाद पुलिस और जिला प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड में आ गए। डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता और मेटल डिटेक्टर से पूरे कैंपस के चप्पे-चप्पे की सघन जांच की गई।

धमकी की सूचना मिलते ही पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराया गया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पुलिस ने इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया। मौके पर डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता पहुंचकर चप्पे-चप्पे की सघन जांच में जुट गया। मुख्य भवन, रिकॉर्ड रूम, पार्किंग एरिया और सभी प्रवेश द्वारों की बारीकी से तलाशी ली गई। हालांकि शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। सभी गेट पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई और हर आने-जाने वाले व्यक्ति की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। पहचान पत्र की जांच भी अनिवार्य कर दी गई।

अधिवक्ता संघ के गेट पर भी विशेष जांच व्यवस्था लागू की गई। जांच के बाद ही वकीलों और अन्य लोगों को प्रवेश दिया गया। साथ ही उस दिन के लिए अनावश्यक क्लाइंट्स की एंट्री पर भी रोक लगा दी गई। इसी बीच, कोर्ट परिसर के गेट पर एक आधिकारिक सूचना भी चस्पा की गई, जिसमें अधिवक्ताओं से सहयोग और सतर्कता बरतने की अपील की गई। किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने को कहा गया।

साइबर सेल की टीम धमकी भरे ईमेल की जांच में जुट गई है। ईमेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने कहा कि आरोपी की पहचान होते ही उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद वकीलों और कोर्ट कर्मियों में दहशत का माहौल रहा।

अधिवक्ताओं ने कोर्ट परिसर की स्थायी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह