home page

एएनटीएफ के शिकंजे में पंजाब का 25 हजार का इनामी तस्कर

 | 
एएनटीएफ के शिकंजे में पंजाब का 25 हजार का इनामी तस्कर


जयपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन मदपाण्डुकी' के तहत कार्रवाई करते हुए पंजाब के कुख्यात 'डोडा किंग' एवं 25 हजार रुपए के इनामी तस्कर बलदेव उर्फ पम्मु उर्फ गोरा बाजीगर (46) को कोटा ग्रामीण के चेचट क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 83.930 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त तथा तस्करी में प्रयुक्त लग्जरी कार जब्त की गई है।

एएनटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि आरोपी कोटपुतली-बहरोड़ जिले में वर्ष 2023 में दर्ज एक मामले में तीन साल से फरार था। वह राजस्थान और मध्यप्रदेश से डोडा पोस्त खरीदकर पंजाब-हरियाणा में सप्लाई करता था। पंजाब के तस्करी नेटवर्क में उसे 'डोडा किंग' के नाम से जाना जाता था।

एएनटीएफ पुलिस महानिरीक्षक के अनुसार बलदेव हर बार नई कार और नया साथी लेकर तस्करी करता था, ताकि पुलिस की निगरानी से बच सके। वह माल लेने से पहले कोटा के बड़गांव स्थित गुरुद्वारे में मत्था टेकने भी जाता था। एएनटीएफ ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखते हुए चेचट क्षेत्र में घेराबंदी की। पुलिस का पीछा देखकर आरोपी ने तेज रफ्तार से भागने की कोशिश की, लेकिन फाणदा गांव के पास कार दीवार से टकरा गई। इसके बाद वह साथी के साथ भाग निकला। एएनटीएफ और ग्रामीणों ने संयुक्त सर्च अभियान चलाकर झाड़ियों में छिपे बलदेव को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

इस तलाशी के दौरान पुलिस को एक 'काली डायरी' भी मिली है। प्रारंभिक जांच में इसमें अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क, सप्लायरों, खरीदारों और लेन-देन का हिसाब दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस का मानना है कि डायरी से तस्करी के नेटवर्क और उससे जुड़े कई लोगों के बारे में महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश