home page

सागर: रेलवे पंप हाउस के कुएं में मिला युवक का शव

 | 
सागर: रेलवे पंप हाउस के कुएं में मिला युवक का शव


सागर, 06 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर शहर के कैंट थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह रेलवे गेट नंबर 28 के पास स्थित पंप हाउस के कुएं में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। शव लगभग तीन दिन पुराना बताया जा रहा है, जो पानी में रहने के कारण काफी हद तक सड़-गल चुका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, रेलवे पंप हाउस के आसपास पिछले कुछ समय से भारी दुर्गंध आ रही थी। जब वहां तैनात कर्मचारियों ने दुर्गंध के स्रोत का पता लगाने के लिए कुएं में झांका, तो पानी के भीतर एक मानव शव तैर रहा था। कर्मचारियों ने बिना देरी किए इसकी सूचना तत्काल कैंट थाना पुलिस को दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल मौके पर पहुँचा। शव कुएं में काफी गहराई में था और जर्जर अवस्था में होने के कारण उसे निकालना चुनौतीपूर्ण था। इसके बाद एसडीईआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने रस्सियों और रेस्क्यू उपकरणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, शव करीब 72 घंटे पुराना है। पानी में रहने की वजह से शरीर बुरी तरह गल चुका है, जिसके कारण मृतक का चेहरा पहचान में नहीं आ रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

रेलवे का यह पंप हाउस एक एकांत और सुनसान इलाके में स्थित है। यहाँ आम लोगों का आवागमन न के बराबर रहता है। यही कारण है कि तीन दिनों तक किसी को भी कुएं में शव होने का अंदेशा नहीं हुआ। जब शव सड़ने लगा और दुर्गंध फैली, तब जाकर मामला उजागर हुआ। पुलिस पंप हाउस के आसपास रहने वाले लोगों और वहां ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों से भी जानकारी जुटा रही है।

मामले की जांच कर रहे अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मृतक की पहचान कर ली जाएगी और मौत के असली कारणों का पता लगाया जाएगा। पुलिस ने जनता से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे