home page

जबलपुर : पूमा के लोगो वाले नकली कपड़ों का कारोबार पकड़ा, 496 नग टीशर्ट-लोवर और हुडी जब्त

 | 
जबलपुर : पूमा के लोगो वाले नकली कपड़ों का कारोबार पकड़ा, 496 नग टीशर्ट-लोवर और हुडी जब्त


जबलपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में पूमा कंपनी के नाम और लोगो का इस्तेमाल कर नकली कपड़े बेचने के मामले में कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को दो आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की है।

पुलिस ने एक दुकान से 300 नग टीशर्ट और 136 नग हुडी तथा सप्लाई करने वाले युवक के कब्जे से 36 टीशर्ट और 24 लोवर सहित कुल 496 नकली कपड़े जब्त किए हैं। मामले में कॉपीराइट एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार एल्यूडिकेशन एडवोकेट एंड सॉलिसिटर्स लॉ फर्म, नई दिल्ली के जांच अधिकारी मयंक शर्मा ने पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय से शिकायत की थी कि कोतवाली थाना क्षेत्र की कपड़ा दुकानों में पूमा कंपनी जैसे दिखने वाले नकली टीशर्ट और लोवर बेचे जा रहे हैं।

शिकायत के बाद एसपी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अखिलेश गौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मानस द्विवेदी ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक एक्टिवा पर सफेद बोरी में पूमा के लोगो वाले कपड़े लेकर बड़ा फुहारा की ओर सप्लाई के लिए जा रहा है। पुलिस ने कोतवाली थाने के सामने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम तनिष्क जैन (25), निवासी मिलौनीगंज, हनुमानताल बताया। तलाशी में 36 टीशर्ट और 24 लोवर बरामद हुए।

तनिष्क ने पुलिस को बताया कि वह गढ़ा फाटक रोड स्थित बड़े बाबा गारमेंट्स में काम करता है और दुकान मालिक खेमचंद जैन के कहने पर कपड़े सप्लाई करने जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने जांच अधिकारी मयंक शर्मा के साथ दुकान पर दबिश दी। तलाशी में 300 टीशर्ट और 136 हुडी मिलीं। दुकान मालिक खेमचंद जैन (55), निवासी भालदापुरा नरघैया, ने पूछताछ में माल अपना होना बताया।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा 51 और 63 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी मानस द्विवेदी, प्रधान आरक्षक सुनील दुबे, आरक्षक दान सिंह और अजय सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक