home page

नरसिंहपुर में आठ वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के बाद हत्या, रातभर चले अभियान के बाद आरोपी गिरफ्तार

 | 
नरसिंहपुर में आठ वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के बाद हत्या, रातभर चले अभियान के बाद आरोपी गिरफ्तार


नरसिंहपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र में आठ वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर रातभर तलाश की और गुरूवार को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त को बालिका स्कूल से यह कहकर निकली थी कि उसके पिता उसे लेने आए हैं। काफी समय तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो झौंतेश्वर चौकी, थाना गोटेगांव में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में तुरंत विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड, तकनीकी टीम और अन्य संसाधनों की सहायता से गांव और आसपास के क्षेत्रों में रातभर सघन तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान देर रात झाड़ियों से बालिका का शव बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या किए जाने के संकेत मिले हैं। पोस्टमार्टम सहित अन्य वैज्ञानिक जांच के आधार पर मामले की विवेचना की जा रही है।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपित की पहचान अनिल यादव के रूप में की। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / भागीरथ तिवारी