फर्जी डिग्री से नौकरी हथियाने वाला पीटीआई चढा एसओजी के हत्थे
जयपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। शारीरिक शिक्षा अध्यापक भर्ती परीक्षा-2022 में बैक डेट की फर्जी बीपीएड डिग्री के जरिए नौकरी हासिल करने वाले बर्खास्त पीटीआई चंद्र सिंह पटेल (41) निवासी बिलाड़ा जोधपुर ग्रामीण को स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने गिरफ्तार किया गया है। इस फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद शिक्षा विभाग ने आरोपी को पहले ही नौकरी से बर्खास्त कर चुका था। बर्खास्तगी के बाद से आरोपित फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए करीब डेढ़ साल से जोधपुर शहर में अलग-अलग ठिकानों पर छिपकर रह रहा था।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि शारीरिक शिक्षा अध्यापक भर्ती परीक्षा-2022 में कई अभ्यर्थियों द्वारा दलालों की मिलीभगत से विभिन्न विश्वविद्यालयों से फर्जी और बैक डेट में डिग्रियां हासिल करने की शिकायतें सामने आई थीं। शिकायतों की जांच के बाद एसओजी थाना जयपुर में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
जहां एसओजी को जांच और पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चंद्र सिंह पटेल ने दलालों बाबूलाल उर्फ बाबू पटेल, प्रदीप कुमार शर्मा और रवि त्यागी के जरिए 1 लाख 20 हजार रुपये देकर उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद स्थित जेएस विश्वविद्यालय से बैक डेट में बीपीएड की फर्जी डिग्री हासिल की थी। इसी फर्जी डिग्री के आधार पर वह शारीरिक शिक्षा अध्यापक भर्ती परीक्षा-2022 में चयनित होकर पीटीआई के पद पर नियुक्त हुआ था। मामले में उक्त तीनों दलालों को एसओजी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
इस फर्जी डिग्री के जरिए नौकरी हासिल करने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने चंद्र सिंह को पद से बर्खास्त कर दिया था। इसके बाद से ही वह गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था। एसओजी की टीम आरोपित की तलाश में जुटी थी। इस दौरान उसके जोधपुर शहर में अलग-अलग स्थानों पर छिपे होने की जानकारी मिली। एसओजी ने जोधपुर ग्रामीण पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चंद्र सिंह पटेल को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। एसओजी आरोपित से फर्जी डिग्री के पूरे नेटवर्क, इसमें शामिल अन्य दलालों तथा फर्जी डिग्री का लाभ लेकर नौकरी हासिल करने वाले अन्य अभ्यर्थियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
एसओजी के अनुसार इस प्रकरण में अब तक ओपीजीएस विश्वविद्यालय, चूरू और जेएस विश्वविद्यालय, शिकोहाबाद (उत्तर प्रदेश) के चांसलर/संचालक और पूर्व रजिस्ट्रार सहित कुल 22 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

