नाबालिग छात्रा की संदिग्धावस्था में मौत पर थाने के सामने प्रदर्शन, आरोपित को कड़ी सजा देने की मांग
सिलीगुड़ी, 03 जून (हि. स.)। जिले के राजगंज थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर मंगलवार रात मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों ने राजगंज थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया तथा आरोपित को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, सन्न्यासीकाटा ग्राम पंचायत के नवग्राम क्षेत्र की नौवीं कक्षा की एक छात्रा का सुखानी ग्राम पंचायत के एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। लड़की के नाबालिग होने के कारण दोनों परिवार इस रिश्ते और शादी के लिए तैयार नहीं थे। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद युवक नाबालिग को अपने घर ले गया, जहां उसे कथित रूप से जहर पिलाया गया।
लड़की की तबीयत बिगड़ने पर पहले उसे जलपाईगुड़ी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में हालत गंभीर होने पर उसे उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई।
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। रात में परिजन और स्थानीय लोग शव लेकर राजगंज थाने पहुंचे और आरोपित युवक को फांसी देने तथा मामले में शामिल अन्य लोगों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने राजगंज की मुख्य सड़क भी जाम कर दी, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना पाकर बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। थाना प्रभारी ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने सड़क जाम हटा लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित युवक को सोमवार रात ही गिरफ्तार कर लिया गया था। आरोपित को जलपाईगुड़ी जिला अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

