बस हादसे में युवक की मौत के बाद प्रदर्शन: गांधी चौराहे पर शव रखकर न्याय की मांग
मंदसौर, 08 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम हुए दर्दनाक बस हादसे के बाद शुक्रवार को शहर में भावुक माहौल देखने को मिला। हादसे में जान गंवाने वाले युवक वरदी चंद (22) निवासी ग्राम बेटीखेड़ी के परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव को गांधी चौराहे पर रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों और समाजजनों ने मृतक परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में समाजजन और ग्रामीण मौजूद रहे। परिजनों ने प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं। इनमें मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, एक करोड़ रुपए का मुआवजा और बस संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग शामिल है। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।
जानकारी के अनुसार, निक्की ट्रेवल्स की यात्री बस गुरुवार शाम शामगढ़ से मंदसौर आ रही थी। नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के डीगांव-माल्या मार्ग पर सामने आए एक अन्य वाहन को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 30 यात्री घायल हो गए थे, जिन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
गंभीर रूप से घायल वरदी चंद की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। मौके पर पहुंचे तहसीलदार नीलेश पटेल ने बताया कि मृतक के परिजनों ने एक करोड़ रुपए के मुआवजे, सरकारी नौकरी और बस संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा है। परिजनों की मांगों से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। प्रशासन की समझाइश के बाद परिजन धरना समाप्त करने पर राजी हो गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

