किशोरी पर फब्तियां कसने का विरोध करने पर आरोपितों ने परिवार के सदस्यों को पीटकर किया घायल, केस दर्ज
मुरादाबाद, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में थाना मझोला क्षेत्र में एक किशोरी पर फब्तियां कसने का विरोध करने पर आरोपितों ने उसके परिवार के सदस्यों को पीटकर घायल कर दिया। इस मामले में पीड़ित परिवार की तहरीर पर मंगलवार काे पुलिस ने रिपाेर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
थाना मझोला क्षेत्र के लाइनपार में सोमवार को एक 14 वर्षीय किशोरी दूध लेने जा रही थी, तभी रीषु और उसके साथी ने उस पर फब्तियां कस दी। किशोरी के परिजनों ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपित रीषु अपने पिता संजीव और चार अन्य लड़कों के साथ किशोरी के घर पहुंचा और पथराव कर मारपीट की। इस घटना में किशोरी के भाई, जीजा और ममेरा भाई घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने मंगलवार को बताया कि मामले में थाना मझोला पुलिस ने आरोपित पिता-पुत्र सहित छह लोगों के खिलाफ छेड़खानी, मारपीट और धमकी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विवेचना में जो भी तत्व सामने आएंगे उसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

