धमतरी:देह व्यापार में संलिप्त पांच युवक-युवती पकड़ाए
धमतरी, 07 मार्च (हि.स.)।शहर व आसपास क्षेत्रों में देह व्यापार का अवैध कारोबार धड़ल्ले से जारी है, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही थी। किराए के मकान पर चल रहे देह व्यापार में संलिप्त पांच युवक-युवतियों को पकड़कर जब वार्डवासियों ने सिटी कोतवाली पुलिस में इसकी जानकारी दी, तो पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर ले गया और सभी के खिलाफ कार्रवाई की है।
जिला अस्पताल के पीछे टिकरापारा सिविल लाइन में एक किराए के मकान पर लंबे समय से देह व्यापार का अवैध कारोबार चल रहा था। वार्डवासी इसका विरोध कर रहे थे, फिर भी अवैध कारोबार बंद नहीं हो रहा था, इस बीच वार्डवासियों ने किराए के मकान पर चल रहे देह व्यापार के अवैध कारोबार को पकड़ने सिटी कोतवाली पुलिस में सूचना दी। पुलिस अधिकारी व जवान सूचना पर मौके पर पहुंची और मकान से पांच युवक-युवतियों को पकड़कर हिरासत में लिया और सभी के खिलाफ कार्रवाई की है।
कालोनीवासी व वार्डवासियों के अनुसार सिविल लाईन जिला अस्पताल के पीछे लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। इस पर नजर बनाए हुए थे, तभी शुक्रवार को यहां कुछ युवती व युवकों की आवाजाही अधिक हुई, तो तत्काल पुलिस में इसकी जानकारी देकर कार्रवाई कराए। पुलिस यहां पहुंचकर सुशील गिलहरे 38 वर्ष निवासी साल्हेवारपारा धमतरी, खुमान साहू 40 वर्ष निवासी कर्मा चौक धमतरी और लोचन देवांगन 32 वर्ष निवासी रामपुर वार्ड धमतरी को गिरफ्तार किया।
आरोपितों के कब्जे से नगदी रकम, मोबाइल फोन, दवाइयां, कंडोम तथा फोन-पे ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशाट सहित कुल 14,827 रुपये की सामग्री जब्त की गई है। पूछताछ में यह पाया गया कि आरोपित सुशील गिलहरे द्वारा मकान किराये पर लेकर महिलाओं को पैसे का लालच देकर, उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर तथा दबाव बनाकर उनसे अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा था। पुलिस ने भी आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

