पॉक्सो के फरार आरोपी की संपत्ति कुर्क, न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने की कार्रवाई
दरभंगा, 12 जुलाई (हि.स.)। दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा में पॉक्सो एक्ट के एक फरार आरोपी की चल-अचल संपत्ति की कुर्की रविवार को न्यायालय के आदेश पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई। कार्रवाई सिमरी थाना कांड संख्या 37/2026 के आरोपी अमित कुमार के घर पर विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत संपन्न हुई।
पुलिस के अनुसार मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, दरभंगा द्वारा जारी आदेश के आलोक में सिमरी थाना क्षेत्र के ग्राम सिमरी निवासी सोनेलाल यादव के पुत्र अमित कुमार की संपत्ति कुर्क की गई। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 8/12 के तहत मामला दर्ज है।
बताया गया कि न्यायालय द्वारा पहले आरोपी के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट और उद्घोषणा जारी की गई थी। इसके बावजूद उसके न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर 2 जुलाई 2026 को उसकी चल-अचल संपत्ति कुर्क करने का आदेश पारित किया गया।
रविवार को सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर न्यायालय के आदेश का अनुपालन करते हुए कुर्की की कार्रवाई पूरी की। इस दौरान अपर थानाध्यक्ष शशि शंकर सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं विधिसम्मत ढंग से संपन्न हो सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में उसकी संपत्ति की कुर्की की गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

