home page

यमुनानगर में प्रॉपर्टी सौदे के नाम पर लाखों की ठगी, मामला दर्ज

 | 

यमुनानगर, 21 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर के व्यासपुर क्षेत्र में संपत्ति खरीद-फरोख्त से जुड़ा एक गंभीर धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है। इस लाखों रुपये के लेन देन के मामले में पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया कि कुछ व्यक्तियों ने योजनाबद्ध तरीके से उसे जमीन का सौदा कराने के नाम पर अपने झांसे में लिया। आरोप है कि आरोपियों ने उसे एक प्लॉट खरीदने के लिए तैयार किया और निर्धारित राशि का भुगतान करने का भरोसा दिलाया। बताया गया है कि तय प्रक्रिया के तहत संबंधित संपत्ति की रजिस्ट्री करवाई गई, जिसके एवज में आरोपियों ने भुगतान के लिए कई चेक सौंपे। हालांकि, रजिस्ट्री पूर्ण होने के बाद आरोपियों ने शेष भुगतान देने में टालमटोल शुरू कर दी और बाद में कथित तौर पर पूरी राशि देने से इनकार कर दिया। शिकायकर्ता का यह भी आरोप है कि जब उसने अपने पैसे की मांग की, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। साथ ही, आरोपियों ने न तो संपत्ति वापस करने की बात मानी और न ही भुगतान करने की इच्छा जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।

प्रकरण की जांच आर्थिक अपराध से संबंधित इकाई को सौंपी गई है, जहां लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों और साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, शिकायकर्ता पक्ष को न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार