home page

संपत्ति के बंटवारे की नाराजगी में पौत्र ने की थी बाबा की हत्या, गिरफ्तार

 | 
संपत्ति के बंटवारे की नाराजगी में पौत्र ने की थी बाबा की हत्या, गिरफ्तार


पहले गला दबाया, फिर जिंदा होने की आशंका में गर्दन पर पेन से किए वार

बांदा, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद बांदा के कालूकुआं मोहल्ले में 80 वर्षीय वृद्ध की हत्या के मामले का पुलिस ने शुक्रवार काे खुलासा किया है। संपत्ति के बंटवारे से नाराज पौत्र ने ही अपने बाबा की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपित काे गिरफ्तार कर लिया।

क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने बताया कि 24 नवंबर की रात कोतवाली नगर क्षेत्र में 80 वर्षीय लल्ला राजपूत की हत्या की सूचना मिली थी। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगी थी। पुलिस ने घटनास्थल से मिले भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के दौरान मृतक लल्ला के पौत्र राहुल काे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई।

उसने अपना गुनाह स्वीकारते हुए बताया कि उसके बाबा लल्ला राजपूत अपनी संपत्ति चाचा और चाची के नाम कर रहे थे। इसी बात को लेकर वह उनसे नाराज था। इसी वजह से उसने 24 नवंबर की रात मौका पाकर पहले गला दबाकर बाबा की हत्या कर दी। इसके बाद उसे आशंका हुई कि कहीं वह जीवित न बच गए हों। इस पर पास में रखे पेन से उनकी गर्दन पर भी कई वार किए। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर घटना के समय पहनी गई मृतक के खून से सनी शर्ट बरामद की है। वहीं, घटना में प्रयुक्त पेन घटनास्थल से ही बरामद किया गया था। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह