home page

प्रापर्टी डीलर ने करोडों की जमीन कब्जाने दंपति और मासूम को बनाया बंधक, पुलिस ने कराया मुक्त

 | 
प्रापर्टी डीलर ने करोडों की जमीन कब्जाने दंपति और मासूम को बनाया बंधक, पुलिस ने कराया मुक्त


प्रापर्टी डीलर ने करोडों की जमीन कब्जाने दंपति और मासूम को बनाया बंधक, पुलिस ने कराया मुक्त


कानपुर, 08 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में करोड़ों रुपये की जमीन हड़पने के लालच में शातिरों ने शाहजहांपुर निवासी दंपति और उनकी मासूम बेटी को करीब एक महीने तक फ्लैट में बंधक बनाकर रखा। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फ्लैट का ताला खुलवाकर तीनों को सकुशल मुक्त कराया। पीड़िता की तहरीर पर प्रॉपर्टी डीलर, कारोबारी और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

उन्नाव के बांगरमऊ की रहने वाली दिव्या गुप्ता की शादी शाहजहांपुर निवासी ओम गुप्ता से हुई है। दिव्या के अनुसार माता-पिता की मौत के बाद मायके की करीब दो करोड़ रुपये कीमत की जमीन उनके नाम है। करीब डेढ़ साल पहले एक परिचित ने जमीन बेचने के सिलसिले में उनकी मुलाकात कल्याणपुर के प्रॉपर्टी डीलर दीपक अग्रवाल से कराई थी। आरोप है कि दो फरवरी को जमीन से जुड़े काम के बहाने उन्हें परिवार समेत विजय नगर बुलाया गया, जहां पांच कारों से आए आरोपिताें ने उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद उन्हें अलग-अलग होटलों में रखा गया और जमीन का नामांतरण व बैनामा कराने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर पति और बेटी को जान से मारने की धमकी दी जाती थी।

बाद में आरोपिताें ने कल्याणपुर स्थित मार्स इंक्लेव में एक फ्लैट किराए पर लेकर दंपति और उनकी बेटी को वहां बंद कर बाहर से ताला लगा दिया। किसी तरह ओम गुप्ता ने मोबाइल हॉटस्पॉट की मदद से फेसबुक पर अपनी मां को संदेश भेजकर मदद मांगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फ्लैट का ताला खुलवाकर तीनों को शनिवार को मुक्त कराया। एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि के मुताबिक दीपक समेत अन्य के खिलाफ बंधक बनाने, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप